एक तरफ जहां केंद्र व प्रदेश की सरकार नए कृषि कानूनों से नाराज चल रहे किसानों को मनाने में जुटी है, वहीं कुछ नेता किसानों को छल रहे हैं। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में सामने आया है। यहां कोंच तहसील क्षेत्र के तीतरा खलीलपुर गांव में भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष ने अपने व्यापारी भाइयों के साथ मिलकर 50 किसानों से दो करोड़ रुपए की गेहूं की खरीद की। लेकिन, जब किसानों ने चेक बैंक में लगाया तो पता चला कि खरीदारों के खाते में पैसा ही नहीं है। नतीजा चेक बाउंस हो गया। एसडीएम के आदेश पर पुलिस ने भाजपा नगर अध्यक्ष समेत चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया है।