उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला बीटा 2 थाना क्षेत्र के सेक्टर-36 का है। यहां दो बदमाशों ने एक महिला से सोने की चेन लूट ली। लूट की ये पूरी वारदात एक मकान में लगने CCTV में कैद हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अभियुक्तों की तलाश में जुट गई है। इस घटना को लेकर शहर के नागरिकों में रोष और डर है। उनका कहना है कि इस तरह की झपटमारी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं।सेक्टर-36 में रहने वाली आशा त्रिपाठी अपने कुत्ते के साथ सड़क के दूसरी तरफ खड़ी थी। उनका कुत्ता वहीं खेल रहा था। इसी दौरान एक युवक दूसरी तरफ से सधे कदमों से उनकी तरफ आता है। वह आसपास की स्थिति का जायजा लेता है और अचानक महिला पर हमला कर सोने की चेन लूट लेता है। उसका दूसरा साथी इसी दौरान बाइक लेकर वहां पहुंचता है और दोनों आरोपी बाइक से फरार हो जाते हैं। इससे पहले कि पीड़िता कुछ समझ पातीं, उनका सोने का चेन लूट गया था। हालांकि उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए कुछ मीटर तक आरोपी का पीछा किया, लेकिन बाइक की रफ्तार के सामने वह बेबस थीं।