उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां मुरादनगर के श्मशान में अंतिम संस्कार के दौरान गैलरी की छत गिरने से कई लोग दब गए। इनमें 18 की मौत हो गई, 24 घायल हैं। ये सभी बारिश से बचने के लिए छत के नीचे खड़े थे। जिस शख्स का दाह संस्कार चल रहा था, हादसे में उनके एक बेटे की भी मौत हुई है।मेरठ की डिविजनल कमिश्नर अनीता सी मेश्राम ने बताया कि अब तक 17 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है। 38 लोगों को रेस्क्यू किया गया है।बताया जाता है कि श्मशान घाट पर मुरादनगर के फल कारोबारी जयराम का अंतिम संस्कार किया जा रहा था। जयराम का 65 साल की उम्र में निधन हो गया था। अंतिम संस्कार के दौरान सभी लोग गेट से सटी गैलरी में खड़े थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। ढाई माह पहले ही यहां गैलरी बनाई गई थी।