सैदपुर (गाजीपुर):- अपने ताइक्वांडो प्रैक्टिस के लिए अदद साथी की तलाश ने अमित सिंह को ताइक्वांडो खेल का कुशल प्रशिक्षक बना दिया। आज अमित सिंह से प्रशिक्षित तीस ताइक्वांडो खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर और सात खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धूम मचा रहे है। अमित कुमार सिंह औड़िहार के पास गैबीपुर स्थित गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी में प्रतिदिन करीब सौ बालक बालिकाओं को निःशुल्क प्रशिक्षित करते है। जहां खिलाड़ियों को ताइक्वांडो के साथ ही बॉक्सिंग, गतका, क्वान की डो और वुशू जैसे खेलों में भी प्रशिक्षित किया जाता है। अमित सिंह से प्रशिक्षित करीब ढेड़ दर्जन से ज्यादा खिलाड़ी पटना, काशीपुर, बी.एच.यू. वाराणसी, लखनऊ, बैंगलौर जैसे देश के कई बड़े शहरों में स्थापित भारतीय खेल प्राधिकरण के विभिन्न खेल छात्रावासों में चयनित हो चुके हैं। सात खिलाड़ी आल्टलरी सेंटर नासिक के आर्मी ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। तीन खिलाड़ी उत्तर प्रदेश पुलिस में तो पांच खिलाड़ी भारतीय थल सेना में सेवाएं दे रहें हैं। तीनों सेनाओं की विशेष खेल टुकड़ी सर्विसेज की ताइक्वांडो टीम में भी गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी गैबीपुर के वर्ल्ड चैम्पियनशिप खेल चुके अभिषेक यादव व दिलीप यादव सम्मिलित हैं। इस एकेडमी के पंकज यादव साउथ कोरिया रैंकिंग टूर्नामेंट 2015 में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं और विनय कुमार 2017 में वियतनाम में आयोजित एशियन कैडेट चैम्पियनशिप व इजिप्ट (मिस्र) में आयोजित कैडेट वर्ल्ड चैम्पियनशिप खेल चुके हैं। यूरोपियन कंट्री बुल्गारिया में आयोजित जूनियर वर्ल्ड चैम्पियनशिप 2022 में भारतीय दल में सम्मिलित हर्ष सिंह व ऋषिता राय भी इसी एकेडमी के दो सितारे हैं। हर्ष ने 2023 में एशियन चैम्पियनशिप वियतनाम में भी जूनियर इंडिया टीम का प्रतिनिधित्व किया और इसी वर्ष नेपाल में G2 रेंक के अंतर्राष्ट्रीय ताइक्वांडो के फाइनल बाउट में श्रीलंकाई खिलाड़ी को हराते हुए भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता। ऋषी राय के नाम अब तक सात अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का अनुभव है। जो देश के सबसे हाई बोल्टेज खिलाड़ियों की सूची में आते हैं। वर्तमान में ऋषी राय उत्तर प्रदेश पुलिस को सेवा में अपने यूरोपियन प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहें है। अमित सिंह से प्रशिक्षित अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी ऋषिता राय को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लोकभवन में संम्मानित किया। गौतम एकेडमी के प्रबन्ध निदेशक व ताइक्वांडो कोच अमित कुमार सिंह को प्रदेश की महामहिम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने वर्ष 2019 और 2022 में लखनऊ स्थित राजभवन में सम्मानित किया है।

WhatsApp Icon

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *